July 03, 2018

छठवांवेद ---------mangopeople


              भाग दो
धार्मिक न होने के कारण धार्मिक किताबो को देखने का नजरिया मेरा बाकियों से अलग है मेरे लिए वो नैतिक शिक्षा देने वाले साहित्य है इससे ज्यादा कुछ नहीं |                 

                          एक समय ऐसा आया जब हिंदू धर्म की हर शाखा ,हर विचारधारा , दर्शन सिर्फ और सिर्फ मोक्ष की ही बात करते और उसे ही जीवन का अंतिम लक्ष्य मानते | उन सभी के अनुसार मनुष्य जीवन का एक मात्र लक्ष्य  मोह माया और सुख दुःख के बंधनो से मुक्त हो मोक्ष प्राप्त करना है और हर व्यक्ति को उसी को प्राप्त करने का  प्रयत्न करना चाहिए |  कर्म को उन्होंने सभी मोह , बंधन , दुःखों  का कारण माना और मनुष्य को उससे मुक्त हो मोक्ष अर्थात बंधन मुक्ति की और बढ़ने के लिए प्रेरित किया | संभवतः इस कारण समाज में अव्यवस्था , कर्महीनता ही स्थिति बनी होगी | सोचिये यदि मनुष्य अपने कर्म करना छोड़ दे तो वो समाज में दूसरे लोगों को कितना प्रभावित कर सकता है |  किसान अनाज उत्पादन करना छोड़ दे , व्यापारी व्यापर करना , सैनिक रक्षा करना , राजा राज काज करना आदि आदि | सब कर्म करने की जगह मोक्ष  के लिए सिर्फ  ईश्वर को याद करने लगे तो संसार में कोई व्यवस्था ही न होगी | ये कर्म हीनता संसार के चक्र को ही रोक देगा | शायद उसी समय किसी कृष्ण ने कर्म की महत्ता को समझा होगा और मनुष्य को फिर से कर्म के मार्ग  की और मोड़ने के लिए महाभारत और गीता की रचना की होगी | 

                                       गीता में कृष्ण ने कर्म को दुःखो का कारण नहीं बल्कि कर्म करने के बाद उसके फल की चिंता को दुःख का कारण  बताया और उससे दूर रहने , आगे क्या होगा की चिंता से मुक्त रहने को कहा | उन्होंने मोक्ष की अवधारणा को ख़ारिज नहीं किया और ना ही उसे महत्वहीन बताया | शायद इसका कारण ये रहा हो की मोक्ष की अवधारणा तब तक भारतीय जनजीवन में इतने गहराई से बैठ गया था कि उसे आम लोगो के दिल और दिमाग से निकालना एक मुश्किल सा कार्य रहा होगा | उसे हटाने में अपना समय बर्बाद करने की बजाये कृष्ण ने माध्यम मार्ग अपना और मोक्ष प्राप्ति के लिए कर्म को एक बड़ा जरिया बताया | उनके अनुसार ईश्वर ने एक खास कर्म को करने के लिए ही मनुष्य का जीवन प्रदान किया है | फिर कोई मनुष्य उस कर्म को करने से पीछे कैसे हट सकता है | मोक्ष के रास्ते में जो दुःख है मोह है वो कर्म नहीं बल्कि वो कर्म के बाद का वो लालच है जब हम कर्म के बदले कुछ चाहते है | अर्थात कर्म करो और फल की चिंता छोड़ दो उसी से मोक्ष पा सकते हो  | फल देना ईश्वर का कार्य है और वो उसी पर छोड़ देना चाहिए | कर्म भी ईश्वर तक जाने का उससे योग ( मिलने )  का एक मार्ग है , इसलिए गीता को कर्मयोग और कृष्ण को उसका संस्थापक भी माना जाता है | कृष्ण ने बड़ी चतुराई से आम लोगो की भावनाओ को सोच को  एक दूसरी बिलकुल विपरीत दिशा में मोड़ दिया और लोगों के जीवन और समाज में एक व्यवस्था स्थापित कर दी बिना किसी हो हल्ले के क्रांति के | कृष्ण , गीता और महाभारत ना होता तो शायद भारत और हम वो नहीं होते जो आज है | मोक्ष हमारे अपने कर्म को ईमानदारी से करने में है कर्महीन होने में नहीं | 
#छठवांवेद 











July 01, 2018

अपराध में कुछ नए रंग ---------mangopeople




                                                         

                                                       आज का माहौल कुछ ऐसा है कि देश में होने वाली लगभग हर घटना का रुख एक ही तरफ मुड़ जाता है और बाकि के जरुरी सवाल कही पीछे छूट जाते है | किसी अपराध और अपराधी के लिए इससे अच्छा माहौल क्या होगा जब उसके अपराध को भी धर्म के रंग में रंग कर लोग अपनी सुविधानुसार और राजनैतिक विचारो के अनुसार प्रतिक्रियाए दे या उसका विरोध करे  | नतीजा ऐसे ज्यादातर अपराधों में धर्म और राजनीति का खतरनाक कॉकटेल अपराधी  के बचाव में भी लोगों को खड़ा कर देता है या कुछ लोग अगर मगर का पेंच इसमें लगा देते है | इस खतरनाक मिश्रण ने तो लोगों का  भरोसा भी कानून और पुलिस पर ख़त्म सा कर दिया है | यही कारण है की आज भीड़ द्वारा लोगो को मारे जाने की घटनाए दिन पर दिन बढ़ रही है | लोगो की प्रतिक्रियाए इतनी ज्यादा उग्र है कि वो बड़ी आसानी से किसी भी अफवाह झूठ पर विश्वास कर  अजनबी को संदेह की नजर से देखने लगे है और खुद कानून को हाथ में ले सजा देना शुरू कर दिया है |

                                                      किसी भी अपराध के असली कारणों को जब नहीं देखा जाता उसकी रोकथाम नहीं की जाती |  जब तक सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों और लापरवाही दिखाने वाले लोगों को दंडित नहीं किया जाता |  किसी भी तरह के अपराध को रोकना क्या कम करना भी असंभव है | हाल में भी मंदसौर में एक मासूम बच्ची के साथ जिस तरह बर्बर तरीके से रेप किया गया और उसकी हत्या करने की कोशिश की गई | उसके अपराधी को फांसी की सजा मिलना तो तय है | लेकिन ये भी जरुरी है कि लापरवाही बरतने वाले स्कूल के खिलाफ भी कार्यवाही की जाए और पुलिस के खिलाफ भी जाँच बिठाई जाए की ऐसे मामलों में  रिपोर्ट लिखे जाने के पुलिस कार्यवाही में कितनी  तत्परता दिखाती है  |  जिस तरह अपराधी तीसरे ही दिन सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के कारण पकड़ा गया उससे लगता है कि यदि पुलिस उसी शाम से तेजी दिखती और इलाके  कैमरों की जाँच शुरू कर अपराधी को पकड़ने का प्रयास करती  तो शायद इतनी बर्बर घटना को होने से रोका जा सकता था | कार्यवाही उस स्कूल के खिलाफ भी होना चाहिए जिसने इतनी छोटी बच्ची को स्कूल से अकेले घर जाने दिया | जबकि रोज उसके पिता उसे लेने आते थे तो ये साफ तौर पर स्कूल की जिम्मेदारी थी कि जब तक उसके घर से कोई आ नहीं जाता बच्ची स्कूल से बाहर न जाए | ये जरुरी है कि ऐसी घटनाओं में ऐसे लापरवाह लोगों की भी जिम्मेदारी  तय की जाए और उन्हें उसकी सजा भी दी जाये | जिससे अन्य लोग भी सबक सीखे और ऐसी गलतियों से बचा जा सके  |

                                                  अक्सर ऐसे हर मामलों के बाद कड़े कानूनों और फांसी की सजा की मांग सभी करते है लेकिन कोई भी इसके पीछे के सामाजिक सोच को बदलने का कोई प्रयास नहीं करता है | आज भी खुलेआम महिलाओं को सोशल मिडिया में रेप की घमकी या उसे अश्लील मैसेज भेजे जाते है और कोई भी ऐसे लोगों का विरोध नहीं करता उनका बहिष्कार नहीं करता | सभी वही अगर मगर , महिलाओं को दोष देने और राजनैतिक सोच के हिसाब से प्रतिक्रिया देने का काम करते है | इससे ऐसी मानसिकता वाले लोगो को अपराध करने का बढ़ावा ही मिलता है | उन्हें लगता समाज में फिर हमारे लिए लोग खड़े हो जायेंगे और दोष महिला को दे दिया जायेगा  या मुद्दे को एक अलग रंग | जब  अपराध और अपराधी का विरोध में कुछ दूसरे रंग डाल दिए जाते है तो अपराध कम नहीं होते , उन्हें बढ़ावा मिलता है |