कुछ समय पहले लता जी के जन्मदिन पर उनका एक साक्षात्कार देखा जिसमे वो बता रही थी की संगीत के लिए अपने जुनून के कारण कभी उन्हें अपने अविवाहित होने को "मिस" नहीं किया | कहते है संगीत आप को कई दुखों परेशानियों और तनाव से बाहर निकालने का काम करता है किंतु चित्रा सिंह ने तो उससे ही परहेज का लिया था | मुझे लगता है की यदि वो गाना गा रही होती संगीत से जुड़ीं होती तो निश्चित रूप से वो उन्हें उनके दुख से बाहर निकालने का काम करता उन्हें जीने का हौसला देता किंतु उन्होंने उससे ही मुंह मोड़ लिया | देखा है मैंने कई बार महिलाओ को किसी क़रीबी अपने के जाने के बाद सारे सुख आनंद को त्याग करते और अपने दुखों को पालते हुए उन्हें अपने सिने से लगा हर समय जिंदा रखे हुए | मेरी परिचित थी उनका जवान विवाहित बेटे की दुर्घटना में मौत हो गई इधर बहु ने अपने सारे श्रृंगार त्यागा उधर उन्होंने भी सब त्याग दिया बस एक सिंदूर ही धारण करती थी | सब उनकी वाह वाह करते थे पर मुझे वो अच्छा नहीं लगता था लगा की जैसे वो अपने दुख को हर समय जिंदा और अपने सामने रखना चाहती है न केवल अपना बल्कि अपनी बहु और उसकी एक मात्र बेटी के भी दुखों को | क्या अच्छा ये नहीं होता की वो अपना क्या अपनी बहु का भी श्रृंगार त्यागने न देती बस सिंदूर और बिझिया जैसे विवाहित होने की निशानियो को ही छोड़ देती , उसे भी जीने का हौसला देती और अपने भी एकलौते पुत्र के मौत को भुलाने का प्रयास करती और पोती को भी एक खुश हाल जीवन देती | आखिर क्यों महिलाएँ अपने दुखों को संजो कर रखती है, क्यों नहीं उसे छोड़ देती है |
चित्रा सिंह ने भी वही किया, किसी कलाकार के लिए उसका कला ही उसको सबसे ज्यादा आनंद देता है जो उसे दुनिया के तकलीफों परेशानियों से उबरता है उनसे दूर करता है और उन्होंने उससे ही छोड़ दिया | कभी सोचती हुं की जगजीत सिंह ने उनसे फिर से गाने को नहीं कहा होगा, शायद कहा होगा हो सकता है कई बार मनाया भी होगा, पता नहीं वो मना नहीं पाए या वो मानना ही नहीं चाहती थी | पुरुष के साथ मजबूरी है कई बार अर्थोपार्जन की तो कई बार दुनियादारी की की वो दुःख को कुछ समय जीता है फिर उसके आगे निकल जाता है या उसे हर समय याद नहीं रखता दिल के कोने में छुपा कर रखता है | एक जगह चित्रा सिंह का साक्षात्कार पढ़ा जहा उन्होंने कहा की जगजीत सिंह का दुख भले न दिखता हो पर वो भी काफी दुखी थे बेटे के जाने से और कई बार रात में उठ कर रियाज़ करने लगते थे | वही संगीत उनका जुनून जिसने उनका साथ दिया उस दुःख तकलीफ़ से बाहर आने में उससे लड़ने में पर चित्र सिंह वो नहीं कर पाई या नहीं करना चाहा |
जिस दिन सुना की जगजीत सिंह ब्रेन हैमरेज के कारण अस्पताल में वेंटिलेटर पर है , ( ब्रेन हैमरेज और वेंटिलेटर इन दो शब्दों से अच्छे से परिचित हूँ दो अपनों को खोया है इन शब्दों के साथ ) समझ गई की अब वो वापस घर नहीं आयेंगे | उसी समय ज्यादा दुख चित्रा सिंह के लिए हो रहा था | दो दिन पहले ही अपनी एक रिश्ते की मौसी के दुखद मृत्यु की खबर मिली थी | पता चला की तीन महीने पहले ही मौसा जी की कैंसर से मृत्यु हो गई थी तब से ही बिलकुल मानसिक संतुलन खो बैठी थी खुद का कोई होश ही नहीं था अपनी आवश्यक जरूरते भी वो खुद से नहीं कर पा रही थी | कारण था मौसा जी से उनका बेहद लगाव क्योंकि दोनों लोगो को कोई संतान नहीं थी और जीवन में लगभग ५० वर्ष दोनों ने बस एक दूसरे के सहारे एक दूसरे के साथ जी कर ही बिताये थे | भाई के बच्चे को अपने बच्चे की तरह पाला किंतु बड़ा होते ही वो उन्हें छोड़ लड़ झगड़ अपने माँ बाप के पास चला गया | आ कर किसी ख़ुशी का चला जाना दुख को कई गुना बढ़ा देता है इस दुख ने दोनों को और भी करीब ला दिया था , दोनों में से किसी एक का जाना वही हाल करता जो अंत में मौसी का हुआ , वो तीन महीने भी उस दुःख को बर्दाश्त नहीं कर पाई | अपने आप को संभालने के लिए किसी को उन्होंने मौक ही नहीं दिया समय ही नहीं दिया |
जाने वाला तो चला गया खुद को सभी तकलीफों तनावों से आज़ाद कर गया , किंतु जिसे पीछे छोड़ गया है उसके दुख को सहने के लिए जो पहले ही जीवन से निराश हो चला हो उसके बारे में सोच एक चिंता सी होने लगती है | बार बार मन में ख्याल आ रहा है की क्या हालत होगी उनकी क्योंकि जगजीत सिंह की मृत्यु भी आकाल मृत्यु है , जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था उनके लिए एक बड़ा झटका है | बस उम्मीद करती हूँ की आज जो भी उनके आस पास होगा उन्हें अच्छे से हौसला दे रहा होगा इस दुख से उन्हें उबरने में मदद कर रहा होगा उन्हें अच्छे से संभाल रहा होगा |