Showing posts with label वेगन. Show all posts
Showing posts with label वेगन. Show all posts

May 28, 2022

परहेजी खानपान और बच्चे

बिटिया के हर जन्मदिन पर उनके जैन मित्र आते हैं तो बिना लहसुन प्याज के खाना बनाने की आदत हैं | लेकिन इस बार तो गजब ही हो गया जब जन्मदिन महावीर जयंती के एक दिन पहले था ना खाने वाली चीजों की लिस्ट खूब लंबी हो गयी | लहसुन प्याज के साथ आलू , गाजर , मशरूम , रोटी , ब्रेड , चीज आदि की भी मनाही हो गयी | 


ये तो फिर भी गालीमत था इसके आलावा एक मित्र वेगन हैं भी तो दूध दही घी मक्खन क्रीम भी नहीं चलेगा उसके लिए | एक दिन पहले हमें बताया गया इसके बारे में और हम सोचने लगे अब बनाने के लिए बचा क्या जो इन बच्चो के खाने लायक हो | 


मैं तो बिटिया से बोली कि पहले  ही बताना था ना गोलगप्पे बना देती झंझट ही ख़त्म हो जाता | लेकिन इन बच्चो को ये सब कहाँ भाता हैं पार्टी मतलब हैं पास्ता , चाइनीज , मैक्सिकन कुछ चाहिए | दो मित्र और बिटिया आलू खाने वाली थी और ख़ास हमें कहा गया था  कि वेगन मित्र के लिए फ्रेंच फ्राइस बना देना तुम्हारे हाथ का उसे बहुत पसंद हैं  |  


जैन लोगों के लिए स्टार्टर में नाचोस बने बिन चीज के टमाटर और कच्चे आम के सालसा के साथ और फ्रेंच फ्राइस बनी बाकि के लिए  | बच्चे तो आखिर बच्चे ही होते हैं तले आलू देख कर सबका व्रत टूट गया | उसके बाद दो ढाई किलो आलू मैंने तले आठ लोगों के लिए | 


कई बार सोचती हूँ मैं भी चौमासे के बाद सभी जैन  लोगों से माफ़ी मांग लिया करू सालाना |  बच्चे कितनी बार घर आ कर या बिटिया के टिफिन से अपना धर्म ख़राब कर लेते हैं |  वैसे जैन लोगों के नर्क में टॉर्चर का कौन सा तरीका होता हैं | इधर वाला  तेल में तला जाना मेरा तो पक्का है उधर वाला भी कोई बताये |